पुणे–हावड़ा दुरंतो समेत कई ट्रेनें प्रभावित, कुछ ट्रेनें दौंड से होंगी समाप्त और प्रारंभ
बिलासपुर। मध्य रेलवे के पुणे और हडपसर स्टेशन यार्ड में तीसरी रेल लाइन के कमीशनिंग से जुड़े प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (Pre-NI) और नॉन इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित कुछ ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए मार्ग, प्रारंभिक स्टेशन और प्रस्थान समय में परिवर्तन किया है।
परिवर्तित मार्ग से चलेंगी दुरंतो एक्सप्रेस
ट्रेन संख्या 12221 पुणे–हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस 19 सितंबर और 3 अक्टूबर को अपने निर्धारित मार्ग के बजाय पुणे–लोनावला–कर्जत–पनवेल–कल्याण–इगतपुरी–मनमाड होकर हावड़ा जाएगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 12222 हावड़ा–पुणे दुरंतो एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को निर्धारित मार्ग की जगह मनमाड–इगतपुरी–कल्याण–पनवेल–कर्जत–लोनावला होकर पुणे पहुंचेगी।
पुणे–हटिया एक्सप्रेस का परिचालन दौंड तक सीमित
हटिया से 2 अक्टूबर को रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 22846 हटिया–पुणे एक्सप्रेस पुणे के बजाय दौंड स्टेशन पर समाप्त होगी। वहीं, 4 अक्टूबर को रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 22845 पुणे–हटिया एक्सप्रेस पुणे के स्थान पर दौंड स्टेशन से प्रारंभ होगी।
कई ट्रेनों के प्रस्थान में देरी
कार्य के चलते कुछ ट्रेनों के निर्धारित समय में भी बदलाव किया गया है।
- ट्रेन संख्या 12221 पुणे–हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस 21 सितंबर को निर्धारित समय से 1 घंटे 45 मिनट देरी से रवाना होगी।
- ट्रेन संख्या 12129 पुणे–हावड़ा एक्सप्रेस 19 सितंबर को 30 मिनट, 20 सितंबर को 2 घंटे, 3 अक्टूबर को 50 मिनट और 4 अक्टूबर को 1 घंटे 55 मिनट देरी से पुणे से रवाना होगी।
- ट्रेन संख्या 20151 हडपसर–रीवा एक्सप्रेस 24 सितंबर को 45 मिनट और 1 अक्टूबर को 1 घंटे 45 मिनट देरी से रवाना होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संशोधित परिचालन समय और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।














