मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार, कहा- उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास का नया अध्याय शुरू
रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा धर्मजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को ‘स्पेशल रेलवे प्रोजेक्ट’ घोषित किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस फैसले को जशपुर समेत पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से जशपुर जिले के विकास का नया दौर शुरू होने जा रहा है। वर्षों से रेल संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे जशपुर को पहली बार राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों, पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध जशपुर अब देश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों से बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, व्यापार, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। वनांचल क्षेत्र के समग्र विकास को भी इससे नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार छत्तीसगढ़ के विकास को प्राथमिकता दे रही है। रेलवे, सड़क, ऊर्जा और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं के माध्यम से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। धर्मजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना इसी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, पत्थलगांव विधायक गोमती साय और जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने भी प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि दशकों पुरानी मांग पूरी होने से आदिवासी अंचलों के विकास को नई गति मिलेगी और किसानों, व्यापारियों, युवाओं तथा आम नागरिकों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला साबित होगी।














