रजिस्ट्रार ज्यूडिशियल से लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीशों तक नई जिम्मेदारियां, कई जिलों में बदले न्यायिक मुखिया
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट प्रशासन ने राज्य की उच्च न्यायिक सेवा में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी आदेश को आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। इस फेरबदल में हाईकोर्ट, न्यायिक अकादमी, लीगल सर्विस कमेटी और विभिन्न जिला न्यायालयों में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं।
ओम प्रकाश जायसवाल बने रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल)
तबादला सूची के अनुसार, हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी के सचिव ओम प्रकाश जायसवाल को हाईकोर्ट का नया रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) नियुक्त किया गया है। वहीं, बिलासपुर के द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश रूपनारायण पात्रे को हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी का नया सचिव बनाया गया है।
रजिस्ट्रार विजिलेंस और न्यायिक अकादमी में नई नियुक्तियां
बलौदाबाजार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी को हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, राकेश कुमार वर्मा को छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी, बिलासपुर में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।
रायपुर और जगदलपुर में भी अहम बदलाव
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (न्यायिक) सुमित कपूर को रायपुर का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। साथ ही रायपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को विशेष न्यायाधीश (अत्याचार निवारण अधिनियम) न्यायालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
जगदलपुर के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत को वहीं स्थित विशेष न्यायाधीश (एनआईए कोर्ट) नियुक्त किया गया है। वहीं, द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सिद्धार्थ अग्रवाल को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जगदलपुर बनाया गया है।
सूरजपुर और बलौदाबाजार में नए जिला न्यायाधीश
सूरजपुर की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनिता वारनेर का तबादला बलौदाबाजार कर दिया गया है। उनकी जगह परिवार न्यायालय सूरजपुर के प्रधान न्यायाधीश थॉमस एक्का को सूरजपुर का नया प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां
आदेश के अनुसार कई अन्य न्यायिक अधिकारियों को भी नई पदस्थापनाएं मिली हैं।
- किरण कुमार जांगड़े को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलरामपुर-रामानुजगंज बनाया गया है।
- विनय कुमार प्रधान को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी/पॉक्सो), रायपुर से एफटीसी, रायपुर में पदस्थ किया गया है।
- डमरूधर चौहान को षष्ठ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर से दशम जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर नियुक्त किया गया है।
- संगीता नवीन तिवारी का तबादला बलौदाबाजार किया गया है।
- डॉ. मनोज कुमार प्रजापति को सारंगढ़-रायगढ़ भेजा गया है।
- अमित राठौर को रायपुर में नई जिम्मेदारी दी गई है।
- अमित कुमार कोहली का तबादला बलरामपुर-रामानुजगंज किया गया है।
न्यायिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की कवायद
हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से किए गए इस व्यापक फेरबदल को न्यायिक व्यवस्था में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विभिन्न न्यायालयों में कार्यों के बेहतर संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई नियुक्तियों के बाद संबंधित अधिकारी शीघ्र ही अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।














