पुलिस कर रही जांच, खेत तक कैसे पहुंचा बिजली का करंट

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के भदाम गांव में एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। खेत में काम करते समय मां और उसके दो बेटे बिजली की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मृतका दसन बाई अपने खेत की मेड़ पर मवेशियों को रोकने के लिए जीआई तार और नायलॉन की रस्सी से बाड़ लगा रही थीं। इस दौरान उनके साथ 23 वर्षीय बेटा विवेक सिंगरौल और 14 वर्षीय सत्यव्रत सिंगरौल भी मौजूद थे। इसी बीच खेत में फैले बिजली के करंट की चपेट में आने से तीनों को जोरदार झटका लगा और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका है कि खेत में अवैध रूप से बिछाए गए अथवा टूटे हुए बिजली के तार या अर्थिंग के कारण करंट फैला था।

शाम तक पत्नी और दोनों बेटों के घर नहीं लौटने पर मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, उनकी तलाश में खेत पहुंचे। वहां तीनों को जमीन पर पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोटा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। देर शाम होने के कारण उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण करंट लगना प्रतीत हो रहा है। हालांकि खेत में बिजली का करंट कैसे पहुंचा और हादसे के लिए वास्तविक रूप से कौन-सा कारण जिम्मेदार था, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की पड़ताल कर रही है।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से भदाम गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताया है और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here