बिलासपुर में 19 केंद्रों पर होगी परीक्षा, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक और मेडिकल सुविधाओं तक की तैयारी की समीक्षा

बिलासपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून 2026 को देशभर में पुनः आयोजित की जा रही नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, सिटी कोऑर्डिनेटरों तथा संबंधित अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली।

बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी केंद्रों पर एनटीए के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए।

बिलासपुर शहर के 19 शैक्षणिक संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। बैठक में केंद्रों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन एवं भंडारण, यातायात व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता तथा चिकित्सा सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई।

मानसून की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ अस्थायी शेड लगाने को कहा। प्रवेश द्वारों और परिसर के बाहर भी ऐसे इंतजाम किए जाएंगे ताकि बारिश की स्थिति में किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां किसी भी अभ्यर्थी के परीक्षा देने में बाधक नहीं बननी चाहिए। इसके लिए सभी केंद्रों पर जल निकासी, वैकल्पिक बिजली व्यवस्था और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित करने, सीसीटीवी सिस्टम को पूरी तरह सक्रिय रखने, परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने, पुलिस बल की तैनाती तथा संवेदनशील गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट की सुरक्षा से संबंधित निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर और एसएसपी ने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन करने तथा किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त पंखे, साफ-सुथरे शौचालय, प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास यातायात सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा में शामिल हो सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here