बिलासपुर। रतनपुर के वार्ड नंबर 8 में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक और जान ले ली। शुक्रवार शाम टूटकर जमीन पर गिरी बिजली की तार की चपेट में आने से 47 वर्षीय किसान ईश्वर अनंत की मौत हो गई।
हैरानी की बात यह है कि जिस बिजली लाइन को विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद सुरक्षित और जमीन से पर्याप्त ऊंचाई पर बताया था, वही तार महज 11 दिन बाद टूटकर जमीन पर आ गई।
मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा
संगम चौक, भेड़िमुड़ा निवासी ईश्वर अनंत शुक्रवार शाम आठबीसा तालाब के पास स्थित शिव मंदिर में दर्शन करने गए थे। पूजा के बाद वह साइकिल से घर लौट रहे थे। श्रद्धांजलि भवन के सामने से गुजरते समय अचानक लो-वोल्टेज लाइन टूटकर उनके ऊपर गिर गई।
तार में करंट प्रवाहित होने के कारण उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
38 दिन पहले भी हुई थी मौत
स्थानीय लोगों के मुताबिक सब्जी बाजार क्षेत्र में जर्जर और नीचे झूलती बिजली लाइनों की समस्या करीब 12 वर्षों से बनी हुई है। इससे पहले इसी स्थान से करीब 200 मीटर की दूरी पर 38 दिन पहले पुतरी लाल नामक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हुई थी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 3 अगस्त को CM हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर लाइन को जमीन से पर्याप्त ऊंचाई पर बताया और शिकायत बंद कर दी।
लेकिन रिपोर्ट के महज 11 दिन बाद वही लाइन टूट गई और ईश्वर अनंत की जान चली गई। लगातार हुई दो मौतों से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था की गंभीरता से जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।













