दूसरे राज्यों से बुलाई गई युवतियों ने जबरन देह व्यापार कराने का लगाया आरोप
रायपुर। राजधानी रायपुर में स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार का मामला सामने आया है। देवेंद्र नगर पुलिस ने गुरुवार को इश्वा लग्जरी स्पा सेंटर में दबिश देकर संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।
दूसरे राज्यों से युवतियों को लाने का आरोप
पुलिस को सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की गई। जांच में आरोप सामने आया कि संचालक और मैनेजर कथित तौर पर दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार में शामिल कराते थे।
पुलिस ने सेंटर में काम करने वाली युवतियों से पूछताछ की। इस दौरान कुछ युवतियों ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेला गया।
इम्मोरल ट्रैफिक एक्ट के तहत मामला दर्ज
देवेंद्र नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ क्राइम नंबर 152/2026 दर्ज किया है। उनके खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्पा सेंटर की गतिविधियों में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।














