तकनीकी-प्रोजेक्ट एवं प्लानिंग का अतिरिक्त प्रभार भी मिला, तीन दशक से अधिक का खनन अनुभव

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में रमेश चंद्र महापात्र ने निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) का कार्यभार संभाल लिया है। इसके साथ ही उन्हें निदेशक (तकनीकी)-प्रोजेक्ट एवं प्लानिंग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

कार्यभार ग्रहण करने पर SECL के विभिन्न विभागों के प्रमुखों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने महापात्र को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विभागाध्यक्षों और विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में कंपनी की प्रमुख परिचालन प्राथमिकताओं, उत्पादन से जुड़े कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

खनन संचालन का लंबा अनुभव

रमेश चंद्र महापात्र को खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। SECL में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले वे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के झांझरा क्षेत्र में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। खनन संचालन, परियोजना प्रबंधन और रणनीतिक नेतृत्व के क्षेत्र में उन्हें व्यापक अनुभव हासिल है।

उन्होंने वर्ष 1990 में IIT-BHU से माइनिंग इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद मानव संसाधन प्रबंधन में MBA किया। वे इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो भी हैं।

सुराकछार कोलियरी से शुरू हुआ करियर

महापात्र ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत SECL के कोरबा क्षेत्र की सुराकछार कोलियरी से की थी। लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कोलियरी मैनेजर, प्रोजेक्ट ऑफिसर, अतिरिक्त महाप्रबंधक और महाप्रबंधक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली।

उन्होंने कोल इंडिया की विभिन्न भूमिगत और ओपनकास्ट खनन परियोजनाओं का नेतृत्व किया। उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक खनन तकनीकों को अपनाने तथा भूमि और पुनर्वास से जुड़े जटिल मामलों के समाधान में भी उनकी भूमिका रही है। इसके अलावा स्थानीय समुदायों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का अनुभव भी उनके कार्यकाल का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया प्रतिनिधित्व

महापात्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारतीय कोयला क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। वे दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित African Mining Indaba में शामिल हुए। इसके अलावा चेक गणराज्य में औद्योगिक सहयोग से जुड़ी चर्चाओं में भी उन्होंने भाग लिया।

उनके लंबे परिचालन अनुभव और तकनीकी दक्षता को देखते हुए SECL में नई जिम्मेदारी से कंपनी के उत्पादन, परिचालन, तकनीकी उन्नयन और परियोजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है।

SECL परिवार ने महापात्र को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here