जीएम ने फहराया तिरंगा, यात्री सुविधाओं, कवच, माल ढुलाई और हरित ऊर्जा में प्रगति का रखा लेखा-जोखा

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) मुख्यालय में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और गरिमा के साथ मनाया गया। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मुख्यालय परिसर में तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत की धुनों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

इसके बाद आरपीएफ, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन एंबुलेंस, एनसीसी तथा स्काउट्स एंड गाइड्स के जवानों और स्वयंसेवकों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। आरपीएफ बैंड की शानदार प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह भर दिया।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और साहस को नमन करते हुए रेलकर्मियों से ईमानदारी, निष्ठा और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल देश की एकता, प्रगति और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की मजबूत जीवनरेखा है।

तरुण प्रकाश ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 15 स्टेशनों का विकास पूरा हो चुका है। पिछले वर्ष 14 एस्केलेटर, पांच लिफ्ट और 12 फुट ओवरब्रिज बनाए गए। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए 207 स्टेशन व्हीलचेयर-अनुकूल बनाए जा चुके हैं।

माल ढुलाई में भी एसईसीआर ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वर्ष 2025-26 में 261.25 मिलियन टन माल लदान के साथ 3.2 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई और ₹30,410 करोड़ के ओरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू के साथ जोन ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया। चालू वित्त वर्ष में जुलाई तक 87.56 मिलियन टन माल लदान हो चुका है।

रेल सुरक्षा के क्षेत्र में कवच तकनीक का विस्तार किया जा रहा है। बिलासपुर-चांपा खंड में 50 रूट किलोमीटर पर कवच SIL-0 चालू किया गया है, जबकि कलमना-सालवा खंड में कवच SIL-4.0 का सफल परीक्षण हुआ। अब तक 255 लोकोमोटिव में कवच लगाया जा चुका है।

पर्यावरण संरक्षण के तहत पिछले वर्ष 2,264 kWp और चालू वित्त वर्ष में जुलाई तक 1,981 kWp क्षमता के सौर संयंत्र लगाए गए। इससे ₹1.71 करोड़ की बचत और 4,924 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई।

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी रंग भरा। बच्चों की फैंसी ड्रेस और देशभक्ति समूह नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों, उनके परिवारों, यूनियन प्रतिनिधियों, मीडिया और विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here