13 दिन बाद पुलिस ने आरोपी प्रवेश कुमार को किया गिरफ्तार, 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके बेटे सुजल राज की हत्या के मामले में पुलिस ने 13 दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रवेश कुमार हरियाणा का रहने वाला है और मृतका की एक सहेली का पति है। मोटर पार्ट्स के कारोबार में आर्थिक नुकसान के कारण वह पैसों की तंगी से जूझ रहा था। उसे पता चला था कि रजनी ने करीब 19 लाख रुपये का कर्ज लिया है। इसी रकम को हासिल करने के इरादे से उसने हत्या की योजना बनाई।
विवाद के बाद शिक्षिका की गला घोंटकर हत्या
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के अनुसार, प्रवेश कुमार कई दिनों से वारदात की योजना बना रहा था। पैसों की जरूरत के चलते वह रजनी बरेठ के घर पहुंचा। वहां विवाद होने पर उसने शिक्षिका की गला घोंटकर हत्या कर दी।
बेटे को गवाह बनने से रोकने के लिए मार डाला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को डर था कि रजनी का बेटा सुजल राज हत्या का गवाह बन सकता है। इसलिए वह सुजल को अपनी कार में बैठाकर राय जंगल की ओर ले गया। वहां सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
10 अक्टूबर को महाबीरपुर के जंगल में सुजल का शव मिला था। अगले दिन रजनी का शव उनके किराये के मकान के बाथरूम में मिला। दोनों हत्याओं से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला सुराग
दोनों हत्याओं की जांच के दौरान पुलिस ने 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध गतिविधियों और वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में वारदात का खुलासा हुआ।
कार और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कार, स्टील की बोतल, सीमेंट के खंभे का टुकड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर वारदात की पूरी कड़ी और हत्या की योजना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।














