20 सितंबर से 31 अक्टूबर तक दो मिनट रुकेंगी ट्रेनें, श्रद्धालुओं को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
बिलासपुर। 79वें वार्षिक अंतरराष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने भोड़वाल माजरी स्टेशन पर चार ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित इन ट्रेनों को 20 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक दो मिनट का ठहराव दिया गया है।
पहले यह व्यवस्था 30 सितंबर से 31 अक्टूबर तक प्रस्तावित थी, लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इसे 10 दिन पहले लागू किया गया है।
व्यवस्था के तहत ट्रेन संख्या 20807 विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस भोड़वाल माजरी स्टेशन पर 15:48 बजे पहुंचेगी और 15:50 बजे रवाना होगी।
ट्रेन संख्या 20808 अमृतसर-विशाखापत्तनम हीराकुंड एक्सप्रेस सुबह 05:56 बजे पहुंचेगी और 05:58 बजे रवाना होगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 20847 दुर्ग-शहीद कैप्टन तुषार महाजन ऊधमपुर एक्सप्रेस 08:41 बजे पहुंचेगी और 08:43 बजे रवाना होगी।
ट्रेन संख्या 20848 शहीद कैप्टन तुषार महाजन ऊधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस 09:35 बजे पहुंचेगी और 09:37 बजे रवाना होगी।
रेलवे के अनुसार इस अस्थायी ठहराव से संत समागम में शामिल होने वाले यात्रियों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में सुविधा होगी।













