कक्षा में घुसकर परिचय लेने से शुरू हुआ विवाद, कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार पर मारपीट का आरोप

बिलासपुर। डीपी विप्र लॉ कॉलेज, सरकंडा में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब कॉलेज के कुछ पूर्व छात्रों ने एक नए प्रवेशित छात्र के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। आरोप है कि करीब एक दर्जन पूर्व छात्रों ने एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के छात्र तुषार दुबे को घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले में सरकंडा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चलती कक्षा में पहुंचे पूर्व छात्र, परिचय को लेकर हुआ विवाद

बताया गया कि कुछ पूर्व छात्र नए विद्यार्थियों से परिचय लेने के लिए कॉलेज पहुंचे थे। उस समय एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की कक्षा चल रही थी। पूर्व छात्र कक्षा में प्रवेश कर विद्यार्थियों से परिचय लेने लगे। प्रोफेसर ने इसका विरोध करते हुए उन्हें कक्षा में व्यवधान नहीं डालने को कहा।

इसके बाद पूर्व छात्रों और प्रोफेसर के बीच विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि पूर्व छात्र कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शन में नए विद्यार्थियों को भी शामिल होने के लिए दबाव बनाने लगे।

प्रदर्शन में शामिल होने से मना किया तो घेरकर पीटा

छात्र तुषार दुबे ने कथित तौर पर प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद अखिलेश साहू, भूपेंद्र साहू, महेश साहू, मनीष मिश्रा, लव साहू और चंद्रेश बंजारे समेत करीब एक दर्जन पूर्व छात्रों ने उसे घेर लिया।

आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई, गला पकड़ा गया और लात-घूंसों से पीटा गया। घटना के दौरान कॉलेज में मौजूद अन्य जूनियर छात्र भी सहम गए।

छात्र को बचाने पहुंचे प्रोफेसर से भी धक्का-मुक्की

घटना का कुछ छात्रों ने वीडियो भी बनाया है। वीडियो में प्रोफेसर धर्मेंद्र शर्मा छात्र को बचाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि मारपीट कर रहे युवकों ने प्रोफेसर के साथ भी धक्का-मुक्की की और उन्हें भी लात-घूंसों का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कॉलेज समिति की बैठक में सख्त कार्रवाई का फैसला

कॉलेज की प्राचार्य सुषमा तिवारी ने बताया कि कुछ पूर्व छात्र चल रही कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों का परिचय लेने लगे थे। शिक्षक द्वारा मना किए जाने के बाद उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। नए विद्यार्थियों पर भी प्रदर्शन में बैठने का दबाव बनाया गया और इसी दौरान एक छात्र के साथ मारपीट की गई।

घटना के बाद कॉलेज समिति की बैठक बुलाई गई। इसमें विवाद करने वाले पूर्व छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने और कॉलेज परिसर में उनके प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। कॉलेज प्रबंधन मामले की जानकारी बार काउंसिल को भी भेजेगा और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध करेगा।

पूर्व छात्रों के राजनीतिक संपर्क को लेकर भी चर्चा

कॉलेज परिसर में हुई इस घटना के बाद पूर्व छात्रों की गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कॉलेज के छात्रों का दावा है कि कुछ बाहरी युवक अक्सर परिसर और पार्किंग में समूह बनाकर काफी समय तक बैठे रहते हैं।

छात्रों का यह भी आरोप है कि संबंधित युवकों का कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा से राजनीतिक जुड़ाव है और उनके समर्थन में कॉलेज परिसर में फ्लेक्स भी लगाया गया है। हालांकि, यह आरोप संबंधित पक्ष की पुष्टि के अधीन है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के अनुसार, जूनियर छात्र तुषार दुबे की शिकायत पर महेश साहू समेत अन्य के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो तथा अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here