सबसे छोटी रनवे बनने से नई उड़ानों पर ब्रेक
बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और नई उड़ान सेवाओं की मांग को लेकर आंदोलनरत हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने राज्य सरकार से रनवे विस्तार के लिए बजट स्वीकृति की समय-सीमा स्पष्ट करने की मांग की है। समिति का कहना है कि लंबे समय से आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक रनवे विस्तार और नए टर्मिनल भवन के लिए कोई वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली है।
सबसे छोटी रनवे बनी सबसे बड़ी बाधा
समिति ने बताया कि प्रदेश के 3-सी श्रेणी के हवाई अड्डों में बिलासपुर एयरपोर्ट की रनवे सबसे छोटी है। वर्तमान में यहां की रनवे की लंबाई केवल 1,500 मीटर है, जबकि अंबिकापुर एयरपोर्ट की रनवे 1,900 मीटर और जगदलपुर एयरपोर्ट की 1,707 मीटर लंबी है। इन दोनों हवाई अड्डों से 80 से 90 सीट क्षमता वाले विमान आसानी से संचालित हो सकते हैं।
समिति के अनुसार, बिलासपुर की छोटी रनवे के कारण स्पाइसजेट के बॉम्बार्डियर और स्टार एयर के एम्ब्रेयर विमान यहां से उड़ान नहीं भर सकते। फिलहाल केवल एटीआर-72 विमान ही यहां संचालित हो सकते हैं।
नई उड़ानों की संभावना कम
समिति ने कहा कि एलायंस एयर के पास विमानों की कमी है, जबकि इंडिगो ने रायपुर के अलावा छत्तीसगढ़ में दूसरा बेस बनाने में रुचि नहीं दिखाई है। इंडिगो के प्रतिनिधियों ने भी चर्चा के दौरान बताया कि गर्मी के मौसम में बिलासपुर से एटीआर-72 विमान को पूरी यात्री क्षमता के साथ संचालित करना भी व्यावहारिक नहीं है। ऐसे में नई उड़ानें शुरू होने की संभावना बेहद कम बनी हुई है।
सरकार से मांगी स्पष्ट समय-सीमा
समिति का कहना है कि राज्य सरकार ने हाईकोर्ट सहित कई मंचों पर बिलासपुर एयरपोर्ट के उन्नयन का आश्वासन दिया है, लेकिन अब तक रनवे विस्तार और नए टर्मिनल के लिए बजट स्वीकृत नहीं हुआ। समिति ने मांग की है कि सरकार इस विषय पर स्पष्ट घोषणा करे, ताकि एयरपोर्ट के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता समाप्त हो सके।
दिवंगत आंदोलनकारी को दी श्रद्धांजलि
रविवार को आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान समिति ने सरकंडा निवासी और आंदोलन के सक्रिय सदस्य रहे चंद्रप्रकाश जायसवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। समिति ने बताया कि वे नियमित रूप से साइकिल से धरना स्थल पहुंचते थे और निस्वार्थ भाव से आंदोलन में भाग लेते थे। उनके निधन को समिति ने अपूरणीय क्षति बताया।
धरने में रवि बनर्जी, बद्री यादव, अनिल गुलहरे, शिरीष कश्यप, परसराम कैवर्त, समीर अहमद ‘बबला’, मनोज तिवारी, संदीप बाजपेयी, महेश दुबे ‘टाटा’, देवेंद्र सिंह ठाकुर, गोपी राव, सोनल शर्मा, दीपक कश्यप, मझहर खान, विजय वर्मा, आशुतोष शर्मा, संतोष पिपलवा, विभूतिभूषण गौतम, अकील अली और सुदीप श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।














