रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक वर्षीय बच्चे के अपहरण का मामला सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्चे को करीब पांच घंटे के भीतर महाराष्ट्र के नागपुर जिले के उमरेड से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी पवन साहू को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई रॉयल एनफील्ड क्लासिक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक घटना 22 सितंबर 2026 की है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि पवन साहू उसके घर में घुसा और कथित तौर पर गाली-गलौज एवं धमकी देने के बाद उसके एक वर्षीय बच्चे को जबरदस्ती अपने साथ ले गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

नागपुर की ओर जाने की मिली जानकारी

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बच्चे को लेकर महाराष्ट्र के नागपुर की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद गुढ़ियारी पुलिस की टीम तत्काल उमरेड, नागपुर के लिए रवाना हुई। लगातार पतासाजी और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के करीब पांच घंटे के भीतर टीम ने उमरेड में आरोपी पवन साहू को पकड़ लिया और उसके कब्जे से एक वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया गया।

बाइक भी जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रॉयल एनफील्ड क्लासिक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PS 0520 जब्त की है। पुलिस ने पवन साहू को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन, पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम ने की।

बच्चे के सुरक्षित मिलने से परिवार को राहत

बच्चे के सुरक्षित बरामद होने के बाद उसकी मां और परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार, बच्चे को ले जाने के बाद परिवार काफी चिंतित था। कुछ ही घंटों में बच्चे के वापस मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया। घटना के कारणों और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच फिलहाल जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here