गर्लफ्रेंड को उतारने के लिए बोनट पर चढ़ा, रफ्तार तेज होने पर नीचे गिरा
रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की कार से कुचलकर मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 14 अगस्त की देर शाम आमानाका थाना क्षेत्र में AIIMS अस्पताल के सामने हुई।
मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उदय सोसाइटी सेक्टर-04 निवासी 34 वर्षीय परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में दुर्ग निवासी भरत मंगनानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, परमप्रीत सिंह और भारत मंगनानी के बीच किसी प्रेम संबंध को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान भारत ने कार से परमप्रीत को जोरदार टक्कर मार दी। जान बचाने के लिए परम्प्रीत कार की छत पर चढ़ गया। दूसरी ओर कुछ अन्य प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि परमप्रीत ने अपनी गर्लफ्रेंड को भरत मंगनानी के साथ कार पर देखा था। उसने गर्लफ्रेंड को नीचे उतरने कहा। कार जब आगे बढ़ने लगी तो परमप्रीत बोनट पर चढ़ गया। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका, बल्कि कार की रफ्तार तेज कर दी।
छत से गिरते ही कार से कुचलने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ दूर जाने के बाद परमप्रीत कार से नीचे सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद भी चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे कार से कुचल दिया। गंभीर चोट लगने से परमप्रीत की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की और कुछ लोगों ने कार का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही अमानाका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और अब तक सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को हत्या की नीयत से किए गए कृत्य के रूप में लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी की तलाश में विशेष टीमें लगाई गई हैं। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कार होगी जब्त
पुलिस भरत मंगनानी की गिरफ्तारी के साथ ही घटना में इस्तेमाल कार को जब्त करने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














