पानी के छींटे पड़ने पर एक दिन पहले हुआ था विवाद, CCTV में कैद हुई वारदात
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में रेलवे निर्माण स्थल पर एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 16 वर्षीय किशोर ने रेलवे ठेकेदार के निर्माण स्थल पर सो रहे सुपरवाइजर और चौकीदार नरेश गुप्ता (35) की हथौड़े और लोहे के एंगल से सिर पर लगातार वार कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक किशोर ने एक दिन पहले हुए विवाद और कथित मारपीट का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया।
घटना बुधवार देर रात की है। गुरुवार सुबह निर्माण स्थल पर पहुंचे कर्मचारियों ने नरेश का खून से लथपथ शव उसके कमरे के बाहर पड़ा देखा। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की गई। घटनास्थल के CCTV फुटेज ने पुलिस को अहम सुराग दिया।
दीवार फांदकर रात 11.40 बजे पहुंचा था किशोर
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य गेट पर लोगों की मौजूदगी के कारण आरोपी पीछे की ओर से निर्माण स्थल में दाखिल हुआ। उसने करीब रात 11.40 बजे दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद उसने वहां से हथौड़ा और लोहे का एंगल उठाया और नरेश के कमरे की ओर पहुंच गया।
CCTV फुटेज में आरोपी को घटनास्थल पर आते और वारदात के बाद भागते देखा गया। पुलिस के मुताबिक करीब 20 सेकंड तक नरेश की चीखें भी फुटेज में सुनाई दीं। आरोपी ने सो रहे नरेश के सिर पर लगातार वार किए और मौके से फरार हो गया।
साइकिल से पानी के छींटे पड़े, विवाद में मिला था थप्पड़
पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात बारिश के दौरान वह साइकिल से घर जा रहा था। रास्ते में नरेश सड़क किनारे खड़ा था। साइकिल की गति के कारण पानी के छींटे नरेश पर पड़ गए। इससे नाराज होकर नरेश ने कथित तौर पर उसका पीछा किया और उसे रोककर तीन-चार थप्पड़ मारे।
किशोर ने इस घटना को अपमान के रूप में लिया और बदला लेने की ठान ली। अगले ही दिन वह निर्माण स्थल पर पहुंचा और सो रहे नरेश पर हमला कर दिया।
बिहार के रहने वाले थे नरेश
नरेश गुप्ता मूल रूप से बिहार के आरा जिले के सोनभथा के रहने वाले थे। वह रेलवे ठेकेदार अनिल सिंह के यहां सुपरवाइजर के साथ-साथ निर्माण स्थल पर चौकीदार का काम भी करते थे। उनका परिवार बिहार में रहता था और पत्नी के साथ दो बच्चे भी हैं।
बताया गया कि घटना से ठीक एक दिन पहले नरेश ने बजरंग कंस्ट्रक्शन के संचालक सुनील सिंह को अपने बच्चों की तस्वीरें दिखाई थीं। उन्होंने जल्द ही घर जाने की बात भी कही थी। इसके अगले ही दिन उनकी हत्या की खबर ने ठेकेदार और कर्मचारियों को स्तब्ध कर दिया।
CCTV ने खोला हत्या का राज
पुलिस ने घटनास्थल का CCTV फुटेज खंगाला तो एक किशोर संदिग्ध रूप से परिसर से बाहर जाता दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने बापू नगर निवासी किशोर की पहचान की। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और सिरगिट्टी इलाके में दबिश भी दी, लेकिन वह वहां से निकल चुका था।
पुलिस को बाद में जानकारी मिली कि वह इलाके से भागने की तैयारी में है। इसके पहले ही टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
कोतवाली CSP गगन कुमार के मुताबिक नरेश गुप्ता रेलवे ठेकेदार के यहां सुपरवाइजर के रूप में काम करते थे। आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।













