झगड़े के बीच पत्नी भागकर पहुंची थाने, पुलिस के पहुंचने से पहले हो चुकी थी वारदात 

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में प्रेम संबंधों को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद शनिवार को खूनी अंजाम तक पहुंच गया। पत्नी के एक युवक से कथित संबंध होने के शक और उससे उपजे तनाव के बीच एक शिक्षक ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना से पहले घर में विवाद बढ़ने पर शिक्षक की पत्नी जान बचाकर सकरी थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, युवक की मौत हो चुकी थी।

मृतक मुंगेली जिले के राम्हेपुर का निवासी 27 वर्षीय दावेंद्र बघेल  है, जो केटरिंग का काम करता था। उसका शव सकरी के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक मकान में मिला।

पुलिस जांच में सामने आया कि मकान शिवकुमार कामले (49) का है, जो कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के सिंगारपुर माध्यमिक शाला में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत है। कुछ दिन पहले ही वह अपने परिवार के साथ बिलासपुर के इस मकान में रहने आया था।

दो वर्षों से चल रहे संबंध को लेकर था विवाद

प्रारंभिक जांच के अनुसार शिवकुमार कामले की पत्नी रीना कामले और दावेंद्र बघेल के बीच पिछले लगभग दो वर्षों से परिचय और निकटता थी। इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार सुबह भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई।

बताया जा रहा है कि शनिवार को शिवकुमार ने दावेंद्र को अपने घर के आसपास घूमते देखा। उसने अपनी पत्नी से दावेंद्र को घर बुलाने को कहा। रीना के फोन करने पर देवेंद्र दोपहर के समय घर पहुंच गया। इसके बाद घर के भीतर बातचीत और बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई।

अनहोनी की आशंका होते ही थाने पहुंची महिला

परिजनों और पुलिस के अनुसार, घर में बढ़ते तनाव को देखकर रीना कामले को किसी गंभीर घटना की आशंका हुई। वह तत्काल घर से निकलकर सकरी थाना पहुंची और पुलिस को सूचना दी कि उसके पति और पुत्र ने देवेंद्र को घर के अंदर बंद कर रखा है तथा उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उमेश साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। मकान के भीतर दावेंद्र का शव पड़ा मिला, जबकि आरोपी पिता-पुत्र वहां से निकल चुके थे।

चार्जिंग केबल और प्लास्टिक डोरी से घोंटा गला

जांच के दौरान आरोपी शिवकुमार कामले ने स्वीकार किया कि पत्नी और दावेंद्र के संबंधों को लेकर वह नाराज था। उसका कहना है कि उसने पहले भी दोनों को अलग रहने की समझाइश दी थी। यहां तक कि पत्नी का सिम कार्ड भी तोड़ दिया था, लेकिन दावेंद्र ने उसे नया सिम कार्ड दे दिया था।

घर पर दावेंद्र के साथ विवाद बढ़ा और हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि शिवकुमार और उसके नाबालिग बेटे ने मिलकर प्लास्टिक की डोरी और मोबाइल चार्जिंग केबल से देवेंद्र का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

रिश्तेदारों को भी दी गई सूचना

घटना के बाद रीना कमले ने स्वयं मृतक के रिश्तेदारों को फोन कर जानकारी दी। मृतक के भाई जितेंद्र बघेल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया।

पिता जेल, बेटा बाल संरक्षण गृह में

पुलिस ने फरार आरोपी पिता और उसके नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर शिवकुमार कामले को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग बेटे को किशोर न्याय बोर्ड के निर्देशानुसार बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here