SECL समेत Coal India की सभी कंपनियों के करीब 2.10 लाख कर्मचारियों को होगा फायदा
बिलासपुर। दुर्गा पूजा और दिवाली से पहले Coal India के साथ-साथ SECL कर्मचारियों को इस बार पिछले साल से ज्यादा Performance Linked Reward (PLR) मिलने की उम्मीद है। इस बार बोनस की रकम 1.10 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। पिछले साल कर्मचारियों को 1.03 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। बोनस की अंतिम रकम पर फैसला Coal India प्रबंधन और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच अक्टूबर के पहले हफ्ते में होने वाली संभावित बैठक में हो सकता है।
कोयला कर्मचारियों को दुर्गा पूजा से पहले हर साल Performance Linked Reward देने की परंपरा रही है। इस बार 11 अक्टूबर से नवरात्र शुरू हो रहे हैं, इसलिए बोनस को लेकर प्रबंधन और यूनियनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रस्तावित बैठक में सहमति बनने के बाद बोनस की रकम तय की जाएगी।
SECL के 33 हजार से ज्यादा कर्मचारी दायरे में
Coal India की सभी अनुषंगी कंपनियों में करीब 2.10 लाख कर्मचारी इस बोनस के दायरे में आएंगे। इनमें SECL के अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले करीब 33 हजार नियमित कर्मचारी शामिल हैं।
हालांकि इस बार बोनस तय करने की प्रक्रिया पिछले वर्षों से थोड़ी अलग हो सकती है। Coal Industry की 11वीं Joint Bipartite Committee (JBCCI) का कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो चुका है और अभी तक 12वीं समिति का गठन नहीं हुआ है। ऐसे में बोनस वार्ता किस समिति या किस प्रक्रिया के तहत होगी, इसे लेकर ट्रेड यूनियनों के बीच चर्चा चल रही है।
इसके बावजूद दुर्गा पूजा से पहले भुगतान की पुरानी परंपरा को देखते हुए माना जा रहा है कि प्रबंधन और यूनियनों के बीच अलग से बातचीत कर बोनस की रकम तय की जाएगी।
पिछले साल SECL ने खर्च किए थे करीब 356 करोड़
पिछले साल SECL के करीब 34,500 कर्मचारियों को 1.03 लाख रुपये की दर से बोनस दिया गया था। इस पर कंपनी को लगभग 356 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े थे। इस साल कर्मचारियों की संख्या घटकर 1 सितंबर 2026 तक 33,231 रह गई है। यानी एक साल में करीब 1,200 नियमित कर्मचारी कम हुए हैं।
इसके बावजूद अगर इस बार प्रति कर्मचारी बोनस बढ़ता है तो कुल भुगतान की रकम पिछले साल के आसपास रह सकती है। Coal India की दूसरी अनुषंगी कंपनियों में BCCL, CCL, ECL, WCL, NCL, MCL और CMPDIL शामिल हैं। पिछले साल Coal India की सभी कंपनियों के कर्मचारियों को बोनस देने पर कुल करीब 2,153.82 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।
10 साल में लगभग दोगुना हुआ बोनस
Coal India के कर्मचारियों के PLR में पिछले एक दशक में लगातार बढ़ोतरी हुई है। 2015-16 में बोनस 54 हजार रुपये था। इसके बाद 2022 में यह 76,500 रुपये, 2023 में 85 हजार रुपये, 2024 में 93,750 रुपये और 2025 में बढ़कर 1.03 लाख रुपये हो गया।
इस बार इसमें करीब 7 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की चर्चा है। हालांकि अंतिम रकम पर मुहर प्रबंधन और यूनियनों के बीच सहमति बनने के बाद ही लगेगी।
अक्टूबर के पहले हफ्ते की बैठक पर कर्मचारियों की नजर
पिछले साल 25 सितंबर को Standardization Committee की बैठक के बाद बोनस की घोषणा की गई थी। इस बार कर्मचारियों की नजर अक्टूबर के पहले हफ्ते में प्रस्तावित बैठक पर है।
अभी ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों को बैठक की औपचारिक सूचना नहीं मिली है। हालांकि माना जा रहा है कि Coal India प्रबंधन जल्द ही सर्कुलर जारी कर यूनियन प्रतिनिधियों को बैठक के लिए बुला सकता है। बैठक में बोनस की रकम तय होने के बाद भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।














