बीपीएल परिवार की बेटी बनी जीवनसंगिनी, योजना की राशि भी छात्राओं की शिक्षा के लिए करेंगे समर्पित
बेमेतरा। आमतौर पर जनप्रतिनिधियों की शादियां भव्य आयोजनों और दिखावे के लिए चर्चा में रहती हैं, लेकिन बेमेतरा के भाजपा विधायक दीपेश साहू ने अपनी सादगीपूर्ण शादी से एक अलग मिसाल पेश की है। पहली बार विधायक बने दीपेश साहू ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में बीपीएल परिवार की बेटी तरुणा साहू के साथ सात फेरे लिए और समाज को सादगीपूर्ण विवाह का संदेश दिया।
इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि विधायक की बारात किसी लग्जरी वाहन में नहीं, बल्कि पारंपरिक बैलगाड़ी पर निकली। बैलगाड़ी की लगाम स्वयं छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने संभाली। इसके लिए वे रायपुर से विशेष रूप से बेमेतरा पहुंचे और बारात में सारथी की भूमिका निभाई।
समारोह में विधायक दीपेश साहू सहित कुल 21 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। सभी दूल्हे पहले ई-रिक्शा से सर्किट हाउस पहुंचे, जिसके बाद पारंपरिक बैलगाड़ियों के साथ बारात विवाह स्थल की ओर रवाना हुई। आयोजन में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। परी नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जबकि विभिन्न समाजों ने करी लड्डू और मुर्रा लड्डू जैसे पारंपरिक व्यंजनों से बारातियों का स्वागत किया।
दीपेश साहू का जीवन भी संघर्ष और सादगी का उदाहरण माना जाता है। वे करीब दस वर्षों तक सरकारी स्कूल में शिक्षक रहे। बाद में नौकरी छोड़कर सक्रिय राजनीति में आए और भाजपा संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के बाद पहली बार बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए।
उनकी पत्नी तरुणा साहू दुर्ग जिले के बिरोदा गांव के मूल निवासी परिवार से हैं। उन्होंने एमए तक शिक्षा प्राप्त की है। उनके पिता देवनारायण साहू ड्राइवर हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। वर्तमान में परिवार बेमेतरा में निवास करता है।
विधायक ने कहा कि विवाह समारोहों में बढ़ते अनावश्यक खर्च और दिखावे से अनेक परिवार आर्थिक दबाव में आ जाते हैं। ऐसे में सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता और बचत दोनों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता वे अपने पास नहीं रखेंगे, बल्कि उसे मेधावी छात्राओं की शिक्षा के लिए उपयोग करेंगे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस अवसर को छत्तीसगढ़ की परंपराओं और सामाजिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण बताते हुए सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।














