कमरे में कैद दो मासूम बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित निकाला

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर स्थित एक किराए के मकान में शनिवार सुबह सामने आए दिल दहला देने वाले घटनाक्रम ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। घर के भीतर पति-पत्नी मृत मिले। महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था, जबकि पति का शव दूसरे कमरे में फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला मानकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 52 वर्षीय अशोक देवांगन और उनकी 49 वर्षीय पत्नी धनेश्वरी देवांगन के रूप में हुई है। शनिवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच घर से कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।

परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने मकान का दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। एक कमरे में अशोक देवांगन फंदे से लटके मिले, जबकि दूसरे हिस्से में धनेश्वरी देवांगन का शव खून से लथपथ पड़ा था। महिला के गले पर कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक देवांगन सब्जी का व्यवसाय करते थे। पुलिस के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहे थे और अधिकांश समय घर पर ही रह रहे थे। ऐसे में आर्थिक परेशानी, कारोबार में नुकसान, पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव जैसे सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

घटना के समय दंपती के दो छोटे बच्चे घर के एक अन्य कमरे में बंद मिले। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इस दर्दनाक घटना से दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं। पुलिस उनका काउंसिलिंग के माध्यम से बयान लेने की तैयारी कर रही है, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाया जा सके।

मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तोरवा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और परिजनों व पड़ोसियों के बयानों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here