Shaadi.com पर खुद को बताया था अविवाहित, नौकरी लगवाने का भरोसा देकर 12-13 लाख के जेवर और नकदी हड़पने का आरोप

बिलासपुर। सोशल मीडिया की मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को अविवाहित बताकर महिला का विश्वास जीतने, शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करने और नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये के जेवर व नकदी हड़पने के मामले में तोरवा पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मामले में पवन कुमार यादव (34), निवासी ग्राम दुदंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा और उसकी पत्नी नविता यादव (30) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को 9 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Shaadi.com पर हुई थी पहचान

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, कोरबा निवासी पीड़िता की पहचान पवन यादव से Shaadi.com के जरिए हुई थी। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए महिला से नजदीकी बढ़ाई और शादी का भरोसा देकर उसका यौन शोषण किया।

इसके बाद आरोपी ने महिला को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उससे नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण ले लिए। पुलिस के मुताबिक, ठगी गई रकम और सामान की कुल कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपये है। पीड़िता ने 9 मार्च 2026 को तोरवा थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।

मोबाइल बंद कर भागता रहा आरोपी

मामला दर्ज होने के बाद तोरवा पुलिस ने आरोपी की तलाश में पामगढ़ सहित उसके संभावित ठिकानों और बिलासपुर के सरकंडा स्थित ससुराल में कई बार दबिश दी। हालांकि आरोपी का मोबाइल बंद था और वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

इसके बावजूद आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिला। पुलिस ने इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और आरोपी के मोबाइल नंबर के साथ उसके बैंक खातों की जानकारी खंगाली।

पत्नी के बैंक खाते से मिला अहम सुराग

जांच में पता चला कि आरोपी के अधिकांश बैंक खाते बंद हो चुके थे, लेकिन उसकी पत्नी नविता यादव के बैंक खाते में लेनदेन जारी था। इस खाते की जांच करने पर हरियाणा के बल्लभगढ़ क्षेत्र से नकदी निकाले जाने की जानकारी सामने आई।

इसी सुराग के आधार पर पुलिस टीम को दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र भेजा गया। पुलिस ने नकदी निकासी से जुड़े च्वाइस सेंटर की जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की।

बल्लभगढ़ में मिली लोकेशन, दोनों दबोचे गए

लगातार प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आखिरकार पवन यादव और उसकी पत्नी नविता यादव को बल्लभगढ़, हरियाणा में ढूंढ निकाला। दोनों को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया।

तोरवा पुलिस ने दोनों आरोपियों को 9 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने BNS की धारा 69, 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here