तोखन साहू बोले- खेलने वाले निखरते हैं, खेल के मैदान में कोई हारता नहीं
बिलासपुर,। बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का खिताब बिलासपुर संभाग ने अपने नाम कर लिया। शनिवार को प्रतियोगिता के समापन पर बिलासपुर ने 57 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। रायपुर संभाग 56 अंकों के साथ उपविजेता रहा। दोनों संभागों के बीच खिताबी मुकाबला महज एक अंक के अंतर से तय हुआ।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू समापन समारोह के मुख्य अतिथि थे। बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और पार्षद व एमआईसी सदस्य तिलकराम साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
खेल से अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास
तोखन साहू ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेलने वाले निखरते हैं। खेल के मैदान में कोई वास्तव में हारता नहीं, बल्कि या तो जीतता है या कुछ नया सीखता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं। इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और लगातार प्रयास करने की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि पहले पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब और खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब जैसी धारणा प्रचलित थी, लेकिन आज खेल सफलता और बेहतर भविष्य का माध्यम बन चुके हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई को खेल की तरह और खेल को सीखने की प्रक्रिया की तरह अपनाना चाहिए।
कर्मयोग की सीख भी दी
साहू ने भगवद्गीता में भगवान कृष्ण के कर्मयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि परिणाम की चिंता किए बिना अपने कर्तव्य पर ध्यान देना आगे बढ़ने का मूल मंत्र है। खेल का मैदान भी कर्मयोग की पाठशाला है, जहां खिलाड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास का महत्व सीखते हैं। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ मानसिक रूप से मजबूत भी बनाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना की।
हॉकी में दुर्ग और कबड्डी में बिलासपुर आगे
प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंक तालिका में बिलासपुर 57 अंकों के साथ पहले, रायपुर 56 अंकों के साथ दूसरे, बस्तर 39 अंकों के साथ तीसरे, दुर्ग 31 अंकों के साथ चौथे और सरगुजा 8 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
अंडर-19 हॉकी के बालक और बालिका दोनों वर्गों में दुर्ग संभाग ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालक कबड्डी में बिलासपुर संभाग विजेता रहा, जबकि तीरंदाजी में बस्तर संभाग के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया पहल से छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सुरवे, अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय, जिला मिशन समन्वयक ओमप्रकाश पांडेय सहित शिक्षा और खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक, शिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्रा और भारती दुबे ने किया।
0–














