दिल्ली से पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट सुरक्षित उतरी, प्रयागराज जाने वाली उड़ान रद्द

बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट का लैंडिंग के बाद रनवे पर चलते समय एक टायर फट गया। हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया। विमान में सवार सभी 35 यात्री सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक, विमान दिल्ली से बिलासपुर पहुंचा था। लैंडिंग के बाद जब विमान रनवे पर आगे बढ़ रहा था, तभी अचानक टायर फटने की तेज आवाज सुनाई दी। इससे यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट की स्थिति बन गई। पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट स्टाफ सक्रिय हो गया और सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

एलायंस एयर की यही फ्लाइट बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने प्रयागराज जाने वाली उड़ान को रद्द कर दिया। विमान के टायर में खराबी आने के कारणों और आगे की प्रक्रिया को लेकर संबंधित स्तर पर जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here