दो आरोपी गिरफ्तार; जांजगीर-चांपा की महिला भी पुलिस के शिकंजे में

आरा। बिहार के भोजपुर जिले में ऑर्केस्ट्रा और शादी-बर्थडे पार्टियों में नाबालिग लड़कियों से जबरन डांस कराने का मामला सामने आया है। पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने रतनपुर गांव में छापेमारी कर छत्तीसगढ़ की तीन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने इस मामले में भोजपुर के रंजीत सिंह उर्फ गुड्डू सिंह और छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की सलमा बेगम को गिरफ्तार किया है। दोनों पर बच्चियों को डांस कराने और उनके श्रम का भुगतान नहीं करने समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

घर में रखकर कराते थे डांस

पुलिस के मुताबिक तीनों बच्चियों को रतनपुर गांव में रंजीत सिंह के ठिकाने पर रखा गया था। सूचना मिलने के बाद भोजपुर एसपी अवधेश कुमार दीक्षित के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-1 सह साइबर डीएसपी रौशन कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने गुरुवार शाम ठिकाने पर दबिश दी और तीनों नाबालिगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के सामने बच्चियों ने बताया कि उनसे शादी और जन्मदिन की पार्टियों में डांस कराया जाता था। उनका आरोप है कि लंबे समय तक काम कराने के बावजूद उन्हें एक भी पैसा नहीं दिया गया। मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति को भी दी गई है।

जांजगीर-चांपा से जुड़ा कनेक्शन

जांच में छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की सलमा बेगम का नाम सामने आया है। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक सलमा को मुक्त कराई गई बच्चियों की कथित मौसी बताया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि रंजीत सिंह ने सलमा के माध्यम से बच्चियों को छत्तीसगढ़ से बिहार बुलाया था। हालांकि इस पूरे नेटवर्क और बच्चियों को बिहार लाने की परिस्थितियों की पुलिस अभी जांच कर रही है।

मानव तस्करी की आशंका, अपराध दर्ज

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम और बंधुआ मजदूरी कानून के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या बच्चियों को किसी संगठित नेटवर्क के जरिए दूसरे राज्य में ले जाकर काम कराया गया था और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

तीनों बच्चियों को फिलहाल संरक्षण में रखा गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके परिवारों को सौंपे जाने की बात पुलिस ने कही है। इस कार्रवाई ने दूसरे राज्यों से नाबालिग लड़कियों को लाकर ऑर्केस्ट्रा और निजी आयोजनों में काम कराने के नेटवर्क पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here