कार्टून वॉच के 30 साल पूरे होने पर रायपुर में कार्टून फेस्टिवल 2026, जयपुर के अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
रायपुर। कार्टून केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए लोकतंत्र, सामाजिक सच्चाइयों और आम जिंदगी की विसंगतियों पर तीखी टिप्पणी की जा सकती है। कई बार एक प्रभावशाली कार्टून हजारों शब्दों से ज्यादा असर छोड़ता है और लोगों को हंसाने के साथ सोचने तथा सवाल उठाने के लिए भी प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित कार्टून फेस्टिवल 2026 को संबोधित करते हुए यह बात कही।
लोकतंत्र में कार्टून की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि कला और साहित्य समाज की सोच को आकार देने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्टून कला की खासियत यह है कि इसमें चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य के जरिए गंभीर मुद्दों को भी सहज तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। कार्टूनिस्ट अपनी नजर और रचनात्मकता से सामाजिक बदलावों को इस तरह पेश करते हैं कि उनका असर लंबे समय तक बना रहता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कार्टून आम लोगों की भावनाओं, उम्मीदों और चिंताओं को सामने रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
आरके लक्ष्मण के ‘कॉमन मैन’ को किया याद
भारतीय कार्टून कला की परंपरा का जिक्र करते हुए साय ने मशहूर कार्टूनिस्ट आरके लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण का ‘कॉमन मैन’ आम भारतीय की उम्मीदों, अपेक्षाओं, जिज्ञासाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया। आजादी के बाद भारत में आए सामाजिक बदलावों को जिस तरह उन्होंने चित्रों के जरिए पेश किया, वह देश की पत्रकारिता और कला की विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बस्तर के कलाकारों को भी मिल रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में कार्टून कला को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे दूरस्थ इलाकों में भी कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलना जरूरी है।
उन्होंने जयपुर के प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को कार्टून फेस्टिवल 2026 में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिलने पर बधाई दी। साय ने कहा कि किसी कलाकार के लंबे रचनात्मक सफर और योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। इससे नई पीढ़ी के कलाकारों को भी बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है।
युवा कार्टूनिस्ट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाएं
मुख्यमंत्री ने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म ने कलाकारों के सामने अभिव्यक्ति के नए रास्ते खोले हैं। युवा कलाकार इन अवसरों का लाभ उठाएं, लेकिन अपनी मौलिकता और अलग पहचान बनाए रखें।
उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ के कलाकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी जगह बनाएंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर कॉफी टेबल बुक जारी
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टूनों की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। यह प्रकाशन सेवा संकल्प अभियान के तहत सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्टून किसी सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति की यात्रा और योगदान को रोचक तथा अलग अंदाज में प्रस्तुत करने का माध्यम बन सकते हैं।
‘कार्टून वॉच’ के 30 साल पूरे
मुख्यमंत्री ने पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा और उनकी पूरी टीम को प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे करने तथा 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीन दशक तक कार्टून कला को समर्पित पत्रिका का लगातार प्रकाशित होते रहना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पत्रिका ने देशभर के स्थापित और उभरते कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि व्यंग्य के जरिए गंभीर और संवेदनशील सामाजिक मुद्दों को भी आसानी से समझाया जा सकता है। उन्होंने त्र्यंबक शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्टून वॉच की पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम में कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा, हिमांशु द्विवेदी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, देशभर से आए कार्टूनिस्ट, कलाकार और अन्य अतिथि मौजूद रहे।














