सूरजपुर के भाजपा जिला अध्यक्ष की भतीजी थी, युवक के साथ ही एक दिन पहले पहुंची थी होटल
रायपुर। जेल रोड स्थित होटल बेबीलोन में अंबिकापुर के बिजनेसमैन परिवार की एक युवती की लाश मिली है। वहीं डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में उसके बॉय फ्रैंड का शव पटरी पर मिला है। आशंका जताई जा रही है कि बॉयफ्रैंड ने पहले होटल के कमरे में युवती की हत्या की और बाद में रेल से कटकर अपनी जान दे दी। हालांकि किसी नतीजे पर पहुंचने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मृत युवती की पहचान अंबिकापुर की 26 वर्षीय वाणी गोयल के रूप मे हुई। पिछले 6 माह से वह रायपुर की मारूति लाइफ स्टाइल सोसाइटी में रहकर क्रैश कोर्स कर रही थी। उसने रायपुर से ही पढ़ाई की उसके बाद कुकरी और बेकरी का कोर्स किया। सोशल मीडिया पर उसके प्रोफाइल के साथ पेस्ट्री शेफ लिखा है और उसने अपनी बनाई पेस्ट्री के साथ कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। उनका परिवार अंबिकापुर और सूरजपुर में रहता है। वह सूरजपुर के जिला भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल गोयल की भतीजी थीं। शनिवार को उनके परिजनों ने रायपुर के सरस्वती नगर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन ट्रेस किया तो जेल रोड स्थित बेबीलोन होटल का लोकेशन मिला। परिजन भी वहां पहुंच चुके थे। होटल बेबीलोन में वाणी ने शनिवार को कमरा नंबर 414 बुक कराया था। पुलिस ने आज सुबह कमरा खोला तो बिस्तर के नीचे सफेद चादर में लिपटा हुआ वाणी गोयल का शव मिला। उसके शरीर पर चाकू के निशान मिले। शव की स्थिति से यह अनुमान भी लगाया गया कि उसका गला घोटा गया है। होटल रूम के बाहर कॉरिडोर में कुछ कांच टूटे हुए टुकड़े मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरी ओर उरकुरा पुलिस को कल देर रात खबर मिली कि एक युवक का शव डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के पास रेल की पटरी पर कटा हुआ मिला है। सुबह उसकी पहचान 38 वर्षीय विशाल कुमार गर्ग के रूप में हुई। युवक भी अंबिकापुर का रहने वाला है। वह भी रायपुर में रहकर काम कर रहा था। बताया जाता है कि यह युवक मृत युवती का दोस्त था। शव के पास से पुलिस को पर्स और मोबाइल फोन मिला। पर्स में 1500 रुपये और कुछ पुराने बिल मिले।
बेबीलॉन होटल प्रबंधन से पुलिस को जानकारी मिली कि युवक शनिवार को दोपहर में युवती के साथ होटल पहुंचा था, बाद में शाम करीब 7 बजे अकेले वापस लौटा था। युवती ने कमरा रविवार तक के लिए बुक कराया था।
पुलिस अभी इस नतीजे पर नहीं पहुंची है कि युवती की हत्या युवक ने की है। मगर युवक ने आत्महत्या की है, यह प्रारंभिक जांच से निष्कर्ष निकाला गया है। पुलिस मौत के कारण को जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जबकि दूसरे बिंदुओं पर जांच व पूछताछ जारी है।
Bilaspur. During train journeys, passengers use a large number of bottled water, and most of the empty plastic bottles are thrown away on platforms,...