दोनों परिवारों को 20-20 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता; जम्मू-कश्मीर सरकार की राहत अलग से मिलेगी

रायपुर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार ने दोनों मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि राज्य सरकार प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिवार को 20 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह राशि जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से दी जा रही सहायता के अतिरिक्त होगी।

दो वरिष्ठ अधिकारी जम्मू-कश्मीर रवाना

मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही छत्तीसगढ़ सरकार ने दो वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल जम्मू-कश्मीर भेजा। दोनों अधिकारी घटनास्थल पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रहे हैं और प्रभावित परिवारों को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शोकाकुल परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी हर जरूरत का ध्यान रखा जाए।

स्थानीय प्रशासन के साथ राहत कार्यों की समीक्षा

जम्मू-कश्मीर पहुंचे अधिकारियों ने वहां के प्रशासन से समन्वय स्थापित कर राहत एवं सहायता कार्यों की समीक्षा की। राज्य सरकार के अनुसार, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने दोनों प्रभावित परिवारों को 2-2 लाख रुपये की अंतरिम सहायता पहले ही प्रदान कर दी है। इसके अलावा प्रत्येक परिवार को 14-14 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।

परिवारों की सुरक्षित वापसी तक साथ रहेंगे अधिकारी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे प्रभावित परिवारों के साथ तब तक बने रहें, जब तक उनके गृह जिलों में सुरक्षित वापसी की सभी व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो जातीं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस दुखद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ दोनों शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here