गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से बीमार एक युवक की बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना पेंड्रा थाना के कोटमी चौकी अंतर्गत ग्राम मटियाडांड़ की है। मृतक की बहन बृहस्पतिया बाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।

सुबह घर पहुंचे, फिर शुरू हुआ विवाद

शिकायत के अनुसार, मृतक रामकुमार चौधरी मानसिक रूप से बीमार था, हालांकि वह परिचित लोगों को पहचान लेता था। 29 जुलाई की सुबह करीब छह बजे गांव के ही राजकमल उर्फ गोपी चौधरी और परमेश्वर प्रसाद चौधरी उसके घर पहुंचे। दोनों ने किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।

उस समय रामकुमार की बहन ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और खेत चली गई।

परिजनों के लौटने तक युवक लहूलुहान मिला

कुछ समय बाद जब परिजन खेत से लौटे तो उन्होंने देखा कि दोनों आरोपियों ने रामकुमार के साथ गाली-गलौज की, उसे जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों तथा पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उसके सिर, चेहरे, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आई थीं।

परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल गौरेला लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज, पत्थर बरामद

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में पेंड्रा थाना और कोटमी चौकी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घायल की मौत के बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) सहित अन्य संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।

जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया।

दोनों आरोपी जेल भेजे गए

मामले में नामजद आरोपी राजकमल उर्फ गोपी चौधरी (26 वर्ष) और परमेश्वर प्रसाद चौधरी (29 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मटियाडांड़, को गिरफ्तार कर पेंड्रारोड न्यायालय में पेश किया गया। वहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here