नगरपालिका का सब इंजीनियर निलंबित
कोरबा। कटघोरा के अटल परिसर में स्थापित भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर उठे विवाद में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन का आदेश शुक्रवार को संचालनालय की ओर से जारी किया गया।
यह कार्रवाई बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। जांच में पाया गया कि प्रतिमा निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप नहीं हुआ। प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ रही है, वह लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है और कांस्य प्रतिमा के निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतरती।
जांच प्रतिवेदन में कहा गया है कि निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुई अनियमितताओं के लिए तत्कालीन पदस्थ उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल जिम्मेदार हैं। विभाग ने इसे शासकीय दायित्वों के विपरीत आचरण मानते हुए उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की है।
कांग्रेस भाजपा दोनों ही इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। शिकायतों में कहा गया था कि कांस्य (ब्रॉन्ज) धातु की प्रतिमा स्थापित करने के बजाय सीमेंट की प्रतिमा बनाकर उस पर रंग-रोगन कर दिया गया। पहली ही बारिश में पेंट उखड़ने के बाद निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए और मामला तूल पकड़ गया।
स्थानीय लोगों की शिकायत मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिमा की गुणवत्ता, फिनिशिंग और निर्माण सामग्री को लेकर कई गंभीर खामियां सामने आईं। बताया जा रहा है कि अटल परिसर के निर्माण पर लगभग 13.60 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।













