प्रेमिका से शादी को लेकर हुआ था विवाद, रिश्ता टूटने के बाद से तनाव में बताए जा रहे थे डॉ. एल्विन
स्टाफ क्वार्टर में अकेले रहते थे, पुलिस ने शुरू की जांच; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट
कोरबा। कोरबा के कर्मचारी राज्य बीमा निगम, ESIC अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर एल्विन वाय ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उनका शव 29 अगस्त की शाम अस्पताल परिसर स्थित स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर मर्ग कायम किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि डॉ. एल्विन की शनिवार सुबह 9 बजे OPD ड्यूटी थी, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे। कर्मचारियों ने उन्हें फोन किया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब 4 बजे तक संपर्क नहीं होने पर स्टाफ उनके क्वार्टर पहुंचा। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया। इसके बाद बाथरूम में उनका शव फंदे से लटका मिला।
हाथ पर मिले चोट के निशान, सर्जिकल ब्लेड से नस काटने की आशंका
सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बाथरूम में दो कपड़ों के हैंगर के बीच रस्सी बांधकर बनाया गया फंदा मिला। डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि उन्होंने पहले सर्जिकल ब्लेड से नस काटने का प्रयास किया और बाद में फांसी लगाई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
दो साल से था प्रेम संबंध, शादी की तैयारी के बीच बिगड़ी बात
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा सामने आया है। बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से संबंध था। दोनों की मुलाकात कोचिंग के दौरान हुई थी और परिवार भी शादी के लिए सहमत थे।
11 अगस्त को डॉ. एल्विन कोयंबटूर गए थे। वहां उन्होंने दो दिन होटल में रुककर युवती की मां और भाई से मुलाकात की थी। 12 अगस्त को पालक्काड के एक चर्च में शादी के लिए आवेदन भी दिया गया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और रिश्ता टूट गया।
कोरबा लौटने के बाद से डॉ. एल्विन के व्यवहार में बदलाव देखा गया था और वे काफी चुपचाप रहने लगे थे। पुलिस प्रेम संबंध और रिश्ते में हुए विवाद को आत्महत्या के संभावित कारण के तौर पर भी जांच रही है।
करीब एक साल पहले हुई थी कोरबा में पोस्टिंग
मूल रूप से केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। करीब एक साल पहले उनकी पोस्टिंग कोरबा के ESIC अस्पताल में हुई थी। वे अस्पताल परिसर में मिले स्टाफ क्वार्टर में अकेले रहते थे।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।














