52 हाथियों के झुंड की मौजूदगी के बीच सामने आया भावुक वीडियो, NH-130 के पास अकेले हाथी से भी खतरा
कोरबा। कटघोरा वन मंडल में इंसान और हाथियों के बीच लगातार सामने आ रहे संघर्ष की खबरों के बीच वन्यजीव प्रेमियों के लिए राहत भरी तस्वीर सामने आई है। माटिन और आसपास के जंगलों में घूम रहे हाथियों के झुंड की एक हथिनी ने बच्चे को जन्म दिया है। मां हथिनी का अपने नवजात बच्चे को सुरक्षित स्थान की ओर ले जाते हुए वीडियो सामने आया है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में करीब 52 हाथियों का झुंड मौजूद है। नवजात को जन्म देने के बाद हथिनी कुछ समय के लिए मुख्य झुंड से अलग होकर जंगल की ओर बढ़ रही थी। वीडियो में वह रेत के बीच रास्ता बनाते हुए बच्चे को अपने साथ ले जाती दिखाई दे रही है।
हथिनी लगातार सतर्क नजर आ रही है और अपने बच्चे को सुरक्षित रखने के लिए सावधानी से आगे बढ़ रही है। इस दृश्य ने वन्यजीव प्रेमियों को आकर्षित किया है।
NH-130 के पास अकेले हाथी की मौजूदगी से चिंता
दूसरी ओर कटघोरा वन मंडल में एक अकेले हाथी की लगातार मौजूदगी चिंता का कारण बनी हुई है। यह हाथी राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के आसपास देखा गया है। ऐसे में हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों से हाथियों के करीब नहीं जाने, उनका पीछा नहीं करने और उन्हें किसी भी तरह उकसाने से बचने की अपील की है।
नवजात हाथी के आगमन से जहां जंगल और वन्यजीव प्रेमियों में खुशी है, वहीं हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण आसपास के गांवों में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बनी हुई है।













