सीएमडी ने परेड की सलामी ली; उत्कृष्ट कर्मियों और बच्चों का सम्मान

बिलासपुर। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। वसंत विहार स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। परेड कमांडर वी. दक्षिणामूर्ति और वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक डीपी दिवाकर के नेतृत्व में जवानों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया।

अपने संबोधन में हरीश दुहन ने कहा कि देश की तेज आर्थिक प्रगति के साथ ऊर्जा की मांग लगातार बढ़ रही है। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों ने ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को और स्पष्ट किया है। ऐसे समय में घरेलू कोयला देश की ऊर्जा व्यवस्था के लिए भरोसेमंद आधार साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि एसईसीएल के खनिकों की मेहनत सीधे तौर पर देश की ऊर्जा सुरक्षा और विकास से जुड़ी है। कंपनी निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण कोयला आपूर्ति के जरिए आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में योगदान दे रही है।

समारोह में शांति का संदेश देते हुए अतिथियों ने कबूतर और गुब्बारे आकाश में छोड़े। डीएवी पब्लिक स्कूल, लोयोला स्कूल, होली नर्सरी स्कूल, ड्रीमलैंड और कृष्णा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट ड्रिल स्क्वाड, सर्वश्रेष्ठ ड्रिल स्क्वाड और सर्वश्रेष्ठ वर्दी के लिए पुरस्कार प्रदान किए। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले एसईसीएल कर्मचारियों और उनके बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के बाद सीएमडी ने वसंत विहार कॉलोनी में नवनिर्मित ‘सृजन’ जी+4 सीनियर एग्जीक्यूटिव हॉस्टल का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में निदेशक एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, बिरांची दास, डी. सुनील कुमार, रमेश चंद्र महापात्र, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक प्रतिनिधि और ट्रेड यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here