‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने की छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना, लामकन्हार में 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनी। प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनगा पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके पत्ते, फल और फूल भोजन में उपयोग किए जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से घरों में मुनगा के पौधे लगाने तथा इसके पोषण संबंधी लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
साय ने कहा कि बस्तर और कांकेर के क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे हैं। सुरक्षा बलों के प्रयासों और स्थानीय लोगों के सहयोग से अब इन क्षेत्रों में शांति और विश्वास का वातावरण बन रहा है। सरकार का लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार जैसी सुविधाएं अंतिम गांव तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ के जनभागीदारी आधारित नवाचारों को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं। इससे पहले बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक और कोरिया जिले के पांच प्रतिशत जल संचय मॉडल की भी चर्चा हो चुकी है।
लामकन्हार में 85 लाख के विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में कुल 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपए, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख रुपए, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख रुपए तथा एकलव्य विद्यालय में पुस्तकालय और प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपए शामिल हैं।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अमरूद का पौधा लगाया। इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम उसेंडी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और ग्रामीण उपस्थित थे।














