HMIS के विस्तार से 2.2 लाख से अधिक कर्मचारियों को मिलेगा लाभ, अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगी
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की ओर से विकसित हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) अब पूरे कोल इंडिया में लागू किया जाएगा। SECL में विकसित इस डिजिटल सिस्टम को कोल इंडिया के लिए एकीकृत अस्पताल प्रबंधन प्रणाली के आधार के रूप में अपनाया जाएगा। इससे कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा सकेगा। इसका लाभ 2.2 लाख से अधिक कर्मचारियों को मिलेगा।
HMIS को SECL में 27 मई 2026 को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने शुरू किया था। इसका उद्देश्य मरीजों के चिकित्सा रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने के साथ अस्पतालों की व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाना है।
पंजीयन से उपचार तक जानकारी एक जगह
HMIS के माध्यम से मरीज के पंजीयन, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और दवाओं से संबंधित जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज की जा सकेगी। इससे मरीज का मेडिकल रिकॉर्ड व्यवस्थित रहेगा और जरूरत पड़ने पर पुराने रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
सिस्टम में मेडिकल रिइंबर्समेंट दावों की ऑनलाइन प्रक्रिया के साथ AMRIT Pharmacy और दवा प्रबंधन को भी जोड़ा गया है। इससे कागजी कामकाज कम करने, रिकॉर्ड प्रबंधन बेहतर बनाने और विभिन्न स्तरों पर प्रक्रिया की निगरानी में मदद मिलेगी।
विजिलेंस विभाग की रही अहम भूमिका
SECL के विजिलेंस विभाग ने HMIS के विकास और इसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं में डिजिटल माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया। SECL में विकसित सिस्टम की उपयोगिता को देखते हुए अब इसे पूरे कोल इंडिया में विस्तार देने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
SECL के मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने कहा कि HMIS के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया है। इससे मेडिकल रिकॉर्ड प्रबंधन, प्रक्रिया की निगरानी और जवाबदेही बेहतर करने में मदद मिलेगी। SECL में विकसित इस व्यवस्था का कोल इंडिया स्तर पर विस्तार इस पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
HMIS के पूरे कोल इंडिया में लागू होने से मेडिकल रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण, प्रक्रियाओं का मानकीकरण, बेहतर निगरानी और विभिन्न अस्पतालों के बीच डिजिटल समन्वय को बढ़ावा मिलेगा।
Tags: SECL, Coal India, HMIS, Hospital Management System, Healthcare Digitisation, Coal Employees, Medical Records, SECL Vigilance, AMRIT Pharmacy, Bilaspur, Chhattisgar














