रायपुर, उसलापुर और पेंड्रा रोड समेत कई स्टेशनों पर ठहराव; स्लीपर और एसी कोच की सुविधा

बिलासपुर। दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग और हजरत निजामुद्दीन के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाए जाएंगे। रेलवे का कहना है कि इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

दुर्ग से 1, 8 और 15 नवंबर को रवाना होगी ट्रेन

ट्रेन नंबर 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन पूजा स्पेशल दुर्ग से रविवार, 1, 8 और 15 नवंबर 2026 को रवाना होगी। यह सुबह 10:45 बजे दुर्ग से चलकर 11:20 बजे रायपुर पहुंचेगी और 11:25 बजे रवाना होगी।

इसके बाद ट्रेन दोपहर 1:20 बजे उसलापुर पहुंचेगी। यहां से 1:30 बजे रवाना होकर 2:55 बजे पेंड्रा रोड पहुंचेगी और 2:57 बजे आगे बढ़ेगी। ट्रेन अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी मुड़वारा, दमोह और सागर होते हुए अगले दिन झांसी, आगरा कैंट और मथुरा के रास्ते सुबह 11:10 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।

निजामुद्दीन से 2, 9 और 16 नवंबर को वापसी

ट्रेन नंबर 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग पूजा स्पेशल सोमवार, 2, 9 और 16 नवंबर को निजामुद्दीन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। यह मथुरा, आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और सागर होते हुए अगले दिन दमोह, कटनी मुड़वारा, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर और पेंड्रा रोड पहुंचेगी।

ट्रेन सुबह 9:45 बजे उसलापुर पहुंचेगी और 9:55 बजे रवाना होगी। इसके बाद दोपहर 12:10 बजे रायपुर पहुंचकर 12:15 बजे आगे बढ़ेगी और दोपहर 1:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

20 कोच वाली ट्रेन में एसी और स्लीपर की सुविधा

इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें दो एसएलआरडी, चार जनरल, 11 स्लीपर, दो एसी थर्ड और एक एसी सेकंड क्लास कोच शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र में ट्रेन का ठहराव रायपुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया स्टेशनों पर रहेगा। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन के दिन, समय और ठहराव की पुष्टि रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस/रेलवाहन ऐप से कर लेनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here