भाजपा प्रवक्ता की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने शुरू की जांच
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक मान्यताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, पार्टी कार्यकर्ताओं और कुछ स्थानीय लोगों की लिखित शिकायत के बाद की गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी के रूप में हंसराज गोयल का नाम सामने आया है। आरोप है कि उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर हिंदू धर्म की मान्यताओं और देवी-देवताओं को लेकर विवादित टिप्पणियां कीं। पोस्ट में भगवान शिव, राम, कृष्ण, विष्णु, हनुमान, इंद्र, ब्रह्मा और गणेश समेत कई देवी-देवताओं का उल्लेख किया गया था।
कमेंट के बाद बढ़ा विवाद
बताया गया कि हंसराज गोयल की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक अन्य यूजर अरुण पन्नालाल, जो छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष बताए गए हैं, ने भी कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ गया।
शिकायतकर्ता अमित चिमनानी ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि इन टिप्पणियों से हिंदू और सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की पोस्ट जानबूझकर विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य और घृणा फैलाने तथा सामाजिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के उद्देश्य से की गईं।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
शिकायत की जांच के बाद सिविल लाइंस थाने की उप निरीक्षक चित्रखा साहू ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 196, 299 और 353(2) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट, कमेंट और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित टिप्पणियां किस संदर्भ में की गईं और उनका उद्देश्य क्या था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।














