वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में मामला दर्ज कर पुलिस को सौंपा
बिलासपुर। जुर्म करते हुए सोशल मीडिया के लिए रील बनाने की सनक तीन युवकों को भारी पड़ गई। रतनपुर थाना क्षेत्र में दुर्लभ प्रजाति की गोह (बंगाल मॉनिटर लिजार्ड) का शिकार कर उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले तीन आरोपियों को वन विभाग ने गिरफ्तार कर पुलिस के सहयोग से उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
वन विभाग को मंगलवार को सूचना मिली थी कि कुछ युवकों ने गोह का शिकार कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो की जांच में पुष्टि हुई कि उसमें दिखाई दे रहा जीव बंगाल मॉनिटर लिजार्ड है, जिसे वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में संरक्षित प्रजाति का दर्जा प्राप्त है।
मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडे और डीएफओ नीरज के मार्गदर्शन में रतनपुर वन परिक्षेत्र की टीम ने वीडियो की जांच शुरू की। इंस्टाग्राम रील से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे की मदद से आरोपी की पहचान की गई।
सबसे पहले घासीपुर निवासी अजय मरावी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों पोड़ी गांव निवासी रवि सावरा और अजय सावरा के नाम बताए। इसके बाद वन विभाग ने दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 17774/08 दर्ज करते हुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16)(79), 9, 50 और 51 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता या अवैध शिकार न करें और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए ऐसे कृत्यों से बचें।














