स्क्रीन लॉक खोलकर आधार की फोटो से रीसेट किए PhonePe-Paytm, ऑनलाइन गेमिंग आईडी में भी डाली रकम; 75 हजार का सामान बरामद

बिलासपुर। चकरभाठा पुलिस ने मोबाइल चोरी कर उसके जरिए बैंक खातों से रकम निकालने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने मदद करने के बहाने मोबाइल चोरी की और फिर उनमें मौजूद आधार कार्ड की फोटो से जानकारी हासिल कर स्क्रीन लॉक खोला। इसके बाद PhonePe और Paytm जैसे UPI ऐप को आधार के जरिए रीसेट कर बैंक खातों से लाखों रुपए निकाल लिए।

बारिश से बचने के दौरान चोरी हुआ मोबाइल

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी सूरज सतनामी ने 25 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे वह इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास तेज बारिश के कारण रुका था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसका दोस्त भी वहां नहीं मिला और मोबाइल भी गायब था।

घर लौटने के बाद तबीयत खराब होने के कारण उसने दो-तीन दिन बाद नया सिम लेकर मोबाइल में लगाया। इसके बाद मिले UPI ट्रांजेक्शन के मैसेज से पता चला कि उसके और उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं।

आधार की फोटो से खोला मोबाइल का लॉक

रिपोर्ट के बाद चकरभाठा पुलिस ने BNS और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। गवाहों के बयान और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे संगठित तरीके से वारदात करते थे। मदद करने के बहाने प्रार्थी और उसके दोस्त के मोबाइल चोरी किए गए। मोबाइल का स्क्रीन लॉक खोलने के बाद गैलरी में रखी आधार कार्ड की फोटो से आधार नंबर की जानकारी निकाली गई। इसी जानकारी के जरिए PhonePe और Paytm जैसे ऐप को रीसेट कर बैंक खातों तक पहुंच बनाई गई।

ऑनलाइन गेमिंग में भी डाली चोरी की रकम

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने प्रार्थी और उसकी मां के खातों से निकाली गई रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया। रकम का कुछ हिस्सा ऑनलाइन गेमिंग आईडी में डाला गया। इसके अलावा खाने-पीने और कार से घूमने में भी चोरी की रकम खर्च करने की बात सामने आई है।

चार आरोपी गिरफ्तार, 75 हजार का सामान जब्त

पुलिस ने इस मामले में विवेक वर्मा (20), करन नायक (18 वर्ष 9 माह), गौरी शंकर साहू उर्फ लालू (18 वर्ष 8 माह) और गगन उर्फ शिबू साहू (25) को गिरफ्तार किया है। सभी चकरभाठा क्षेत्र के रहने वाले हैं।

आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल, एक पावर बैंक, चोरी की रकम से खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

पुलिस ने लोगों से मोबाइल फोन में बैंकिंग और UPI ऐप का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर डायल 112 या नजदीकी थाने में सूचना देने कहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here