बिलासपुर। नेहरू नगर के गणेश चौक स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करेला के ढेर में छिपे एक जहरीले कोबरा ने सब्जी खरीद रहे युवक को डस लिया। युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। घटना के बाद बाजार में दहशत फैल गई और कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर दूर हट गए।
जानकारी के अनुसार, बहतराई निवासी बिहारी साहू (32) मुंगेली से लौटते समय गणेश चौक के साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने के लिए रुके थे। वह एक दुकान पर करेला चुन रहे थे, तभी करेला के ढेर में छिपे एक जहरीले कोबरा ने अचानक निकलकर उनके बाएं हाथ की उंगली पर काट लिया।
दर्द से चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा युवक
सांप के डसते ही युवक तेज दर्द से चीख उठा और कुछ ही क्षण में जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उसे संभाला और तत्काल छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) पहुंचाया। चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया, जिससे उसकी जान बच गई।
छोटा था कोबरा, बच्चा होने का अनुमान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप आकार में काफी छोटा था। बताया जा रहा है कि वह कोबरा का बच्चा था, जो सब्जियों के बीच छिपा हुआ था। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया।
वन विभाग ने सांप को पकड़ा
सांप दिखाई देने के बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने सावधानी बरतते हुए उसे घेर लिया। बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कोबरा को सुरक्षित पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया।
बारिश के मौसम में बरतें विशेष सावधानी
विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीव सुरक्षित स्थानों की तलाश में खेतों, घरों और बाजारों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे समय सब्जियों, लकड़ी, घास या अन्य सामान को हाथ लगाने से पहले सावधानी बरतना आवश्यक है।














