छत्तीसगढ़ के CM साय ने केंद्रीय मंत्री ग्रामीण विकास मंत्री चौहान से की मुलाकात
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम गांवों तक सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार से विशेष व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया है। नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-4) के तहत बस्तर के लिए अरुणाचल प्रदेश मॉडल अपनाने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर के अनेक गांव घने जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों और भौगोलिक रूप से कठिन इलाकों में बसे हैं। वर्तमान पीएमजीएसवाई दिशा-निर्देशों के अनुसार 500 मीटर के दायरे में आने वाले गांवों को एक क्लस्टर माना जाता है। इस व्यवस्था के कारण कई छोटे और दूरस्थ गांव योजना के लाभ से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में 10 किलोमीटर के दायरे के गांवों को एक क्लस्टर मानने की व्यवस्था है। यदि यही मॉडल बस्तर में भी लागू किया जाए तो बड़ी संख्या में दूरस्थ गांवों को हर मौसम में सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक नक्सल प्रभावित रहा बस्तर अब तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में बेहतर सड़क संपर्क शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि विकास, सुरक्षा और समृद्धि की आधारशिला हैं। बस्तर की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देने की जरूरत है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार के प्रस्ताव पर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा बस्तर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।
बैठक के दौरान चौहान ने छत्तीसगढ़ सरकार की ग्रामीण विकास संबंधी योजनाओं की सराहना भी की। उन्होंने वीबी-जीआरएएम-जी योजना के तहत श्मशान घाट और शौचालय निर्माण जैसे कार्यों की प्रशंसा की।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को भी उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन लगभग 1,500 मकानों का निर्माण हो रहा है, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा तथा मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी मौजूद रहे। विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को ग्रामीण विकास, आधारभूत ढांचे के विस्तार और राज्य में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।














