डीआईजी कोटवानी को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक, 10 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के 152 अधिकारी और जवान अलग-अलग श्रेणियों में पुलिस पदकों से सम्मानित होंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2026 के लिए पुलिस पदकों की घोषणा कर दी है। इनमें 141 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक, 10 को सराहनीय सेवा पदक और एक अधिकारी को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक दिया जाएगा। पुलिस विभाग के अनुसार वीरता पदकों की यह संख्या देश में सबसे अधिक है।

डीआईजी कोटवानी को राष्ट्रपति पदक

विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक पुलिस मुख्यालय रायपुर में विशेष शाखा के पुलिस उपमहानिरीक्षक मोती लाल कोटवानी को प्रदान किया जाएगा। वहीं सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के पदक से 10 अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।

इनमें मुख्यमंत्री सुरक्षा के पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश शर्मा, एएनटीएफ की सहायक पुलिस महानिरीक्षक गायत्री सिंह, रायपुर यातायात एवं प्रोटोकॉल की पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा, रायपुर उत्तर जोन की पुलिस उपायुक्त दीपमाला कश्यप, 4वीं वाहिनी छसबल माना की उप सेनानी रमा पटेल, 6वीं वाहिनी छसबल रायगढ़ के सहायक सेनानी ब्रजेश कुमार तिवारी, विशेष शाखा भिलाई की उप पुलिस अधीक्षक सविता सिंह परिहार, प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई के निरीक्षक पिनाकी भट्टाचार्जी, एसटीएफ बघेरा दुर्ग के कंपनी कमांडर राकेश कुमार सिंह और प्लाटून कमांडर नेहरू लाल शामिल हैं।

बस्तर संभाग के जवानों की बड़ी हिस्सेदारी

वीरता पदकों की सूची में नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की बड़ी संख्या शामिल है। नारायणपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर जिलों के पुलिसकर्मियों के साथ एसटीएफ, बस्तर फाइटर्स और डीएसएफ के जवानों को भी वीरता पदक के लिए चुना गया है।

सूची में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया, उप पुलिस अधीक्षक सोहन लाल, महंथ कुमार, प्रशांत देवांगन, राहुल कुमार उईके, लक्ष्मण सिंह पोटाई सहित कई अधिकारी और जवान शामिल हैं। सुकमा से बड़ी संख्या में आरक्षक और बस्तर फाइटर्स भी पदक पाने वालों में शामिल हैं।

कांकेर जिले से भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को वीरता पदक के लिए चुना गया है। इनमें उप निरीक्षक रामचन्द्र साहू, संतोष मिश्रा सहित बस्तर फाइटर्स और डीएसएफ के अनेक आरक्षक शामिल हैं। सूची में बस्तर क्षेत्र में तैनात पुलिस बल के साथ वर्तमान में अन्य स्थानों पर पदस्थ कुछ अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।

पुलिस महानिदेशक ने दी बधाई

पुलिस विभाग ने पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों और जवानों तथा उनके परिजनों को बधाई दी है। विभाग के अनुसार इन पदकों के जरिए कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभाने वाले पुलिसकर्मियों की सेवाओं और साहस को सम्मान दिया जाएगा। वीरता पदकों में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियानों और ड्यूटी के दौरान साहस दिखाने वाले जवानों की उल्लेखनीय संख्या है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय की घोषणा के अनुसार ये पदक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोषित किए गए हैं। विभागीय जानकारी के मुताबिक चयनित अधिकारियों और जवानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पदक प्रदान किए जाएंगे। सराहनीय सेवा और विशिष्ट सेवा पदक के लिए चयनित अधिकारियों को 26 जनवरी 2027 को पदक मिलने की जानकारी दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here