केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान, 50 उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारी पुरस्कृत; नशामुक्त समाज का लिया संकल्प

बिलासपुर। पुलिस परेड ग्राउंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, गौरव और उत्साह के माहौल में मनाया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और परेड कमांडर भूपेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में 13 प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और देशभक्ति से भरी आकर्षक परेड प्रस्तुत की।

समारोह में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और सीसीएफ मनोज पांडे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।

तिरंगा शपथ के साथ नशामुक्ति का संकल्प

समारोह में उपस्थित लोगों ने तिरंगा शपथ लेकर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया। ब्रह्मकुमारी दीदी ने सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। इस दौरान देशभक्ति के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

शहीद परिवारों और कर्मठ कर्मचारियों का सम्मान

नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को केंद्रीय राज्यमंत्री ने सम्मानित किया। शहीद परिवारों के सम्मान के दौरान वातावरण भावुक और गौरवपूर्ण हो उठा। वहीं, विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

महिला प्लाटूनों ने छोड़ी छाप

परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल महिला प्लाटून ने पहला और नगर सेना महिला ने दूसरा स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बिलासपुर प्रथम, एनसीसी सीनियर गर्ल्स द्वितीय और एनसीसी सीनियर बॉयज तृतीय रहे।

देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से सजा समारोह

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल में उत्साह भर दिया। महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला प्रथम, एलसीआईटी बोदरी द्वितीय और दिल्ली पब्लिक स्कूल तृतीय रहा। नेशनल कॉन्वेंट स्कूल और पद्माक्षी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार मिला। सुश्री कनक साहू ने वंदे मातरम् की मनभावन प्रस्तुति दी।

समारोह में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ सक्सेना और मुकुल शर्मा ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here