‘पवित्र रिश्ता.com’ के नाम पर जीतते थे भरोसा, रजिस्ट्रेशन के बहाने किस्तों में वसूलते थे रकम
जांजगीर। जांजगीर-चांपा पुलिस ने शादी का रिश्ता कराने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले चाचा-भतीजे को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की आवाज में बात कर लोगों को शादी का भरोसा दिलाते थे और फिर रजिस्ट्रेशन तथा अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे मंगाते थे। रकम मिलने के बाद मोबाइल बंद कर संपर्क तोड़ देते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह का मास्टरमाइंड लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू (26) और उसका भतीजा सोनू साहू (20) है। दोनों ने कथित तौर पर ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ नाम से फर्जी वैवाहिक सेवा शुरू कर रखी थी। लोगों से बातचीत के दौरान महिला की आवाज निकालने के लिए विशेष वॉइस चेंजिंग डिवाइस लगे हेडफोन और ब्लूटूथ उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता था।
आरोपी फोन पर शादी के लिए बातचीत करते और सामने वाले को विश्वास दिलाते कि जल्द ही उपयुक्त रिश्ता तय हो जाएगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर रकम मांगी जाती थी। अलग-अलग बहाने बनाकर कई बार पैसे लेने के बाद आरोपी फोन बंद कर देते थे।
मामला सामने आने के बाद साइबर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों तक पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से मोबाइल फोन, वॉइस चेंजिंग हेडफोन और पर्चे बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस तरीके से कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है। दूसरे जिलों में हुई इसी तरह की घटनाओं से भी आरोपियों के संबंधों की जांच की जा रही है।













