बिलासपुर। लोफंदी गांव में जहरीली शराब कांड के एक पीड़ित की शनिवार को कीटनाशक पीने से मौत हो गई। मृतक की पहचान देवांगनपारा निवासी किसान राजकुमार पटेल (56) के रूप में हुई है। बताया गया कि उन्होंने घर के बाहर रखा कीटनाशक पानी समझकर पी लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) लेकर पहुंचे, लेकिन करीब दो घंटे के उपचार के बाद उनकी मौत हो गई।
यह घटना कोनी थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार राजकुमार शनिवार को अपने घर पर थे। वे बाहर बैठे थे, तभी पास में रखा कीटनाशक उन्होंने पानी समझकर पी लिया। कुछ ही देर बाद तबीयत बिगड़ने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
राजकुमार फरवरी 2025 में ग्राम में हुई जहरीली शराब त्रासदी के भी पीड़ित थे। गांव में 5 से 8 फरवरी के बीच जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की मौत हुई थी। उसी घटना में राजकुमार की आंखों की रोशनी चली गई थी।
घटना की सूचना मिलने पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने घटनास्थल से कीटनाशक की बोतल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटनावश कीटनाशक पीने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।














