तेज बहाव के बीच पहुंचे पर्यटक, परिवार और बच्चों को भी ले गए थे खतरनाक जगह
बिलासपुर। रतनपुर के पास खूंटाघाट बांध के वेस्ट वियर में तेज बहाव के बावजूद कुछ पर्यटकों ने सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार कर जान जोखिम में डाल दी। प्रतिबंधित क्षेत्र में लगे लॉक गेट और बैरिकेड को पार कर लोग तेज धार के बिल्कुल करीब पहुंच गए और वहां सेल्फी लेने के साथ मोबाइल से रील बनाने लगे। सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
लगातार बारिश के कारण खुटाघाट बांध के वेस्ट वियर से पानी का बहाव काफी तेज है। इसी वजह से यहां सुरक्षा गेट और बैरिकेड लगाए गए हैं तथा लोगों की आवाजाही रोकने के लिए गेट बंद कर दिए गए हैं। इसके बावजूद कुछ लोग गेट के ऊपर से चढ़कर प्रतिबंधित हिस्से में पहुंच गए।
हैरानी की बात यह रही कि कुछ लोग अपने परिवार, महिलाओं और बच्चों के साथ भी इस खतरनाक स्थान पर पहुंचे थे। कुछ युवतियां भी तेज बहाव के किनारे खड़े होकर फोटो और वीडियो बनाती नजर आईं। ऐसे में जरा सी चूक गंभीर हादसे में बदल सकती थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पहले सभी को समझाया और तेज बहाव वाले क्षेत्र से बाहर निकाला। लापरवाही करने वाले कुछ लोगों को मौके पर कान पकड़कर उठक-बैठक भी लगवाई गई और दोबारा ऐसा नहीं करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है, लेकिन लोगों को भी अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी समझनी होगी। कुछ सेकंड की सेल्फी या रील जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। प्रतिबंधित क्षेत्र में बैरिकेड पार कर जाना रोमांच नहीं, बल्कि सीधे तौर पर जान को खतरे में डालना है।













