पोर्टेबल इंसुलेशन मॉनिटर से अर्थ फॉल्ट और करंट लीकेज की सटीक पहचान, GM तरुण प्रकाश ने किया निरीक्षण
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (GM) तरुण प्रकाश ने उसलापुर स्टेशन का सुरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे सिग्नलिंग सिस्टम को अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाने वाली आधुनिक तकनीक का सफल प्रदर्शन किया गया। खास बात यह रही कि इस तकनीक की मदद से सिग्नलिंग में इस्तेमाल होने वाली विद्युत केबल में लीकेज या अर्थ फॉल्ट का पता लगाए बिना किसी सर्किट को डिस्कनेक्ट किए लगाया जा सकता है।
स्टेशन के सेंट्रल IPS रूम में हुए प्रदर्शन के दौरान ‘Portable Insulation Monitor with Fault Locator Kit’ का उपयोग किया गया। इस आधुनिक उपकरण के जरिए सिग्नलिंग सिस्टम की विद्युत व्यवस्था में संभावित खराबी की जांच की गई।
110 वोल्ट AC सिस्टम में बनाया कृत्रिम अर्थ फॉल्ट
प्रदर्शन के दौरान ELD (Earth Leakage Detector) के 110 वोल्ट AC सिस्टम में कृत्रिम अर्थ फॉल्ट तैयार किया गया। इसके बाद आधुनिक उपकरण की सहायता से लीकेज करंट को सटीक रूप से मापा गया।
इस तकनीक की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि अर्थ फॉल्ट की पहचान और उसकी जांच के लिए रेलवे के विद्युत सर्किट को बंद या अलग करने की जरूरत नहीं पड़ती। यानी निरीक्षण और तकनीकी जांच के दौरान ट्रेन संचालन को बाधित किए बिना संभावित खराबी का पता लगाया जा सकता है।
इससे न केवल फॉल्ट की पहचान आसान होगी, बल्कि तकनीकी खराबियों को शुरुआती स्तर पर पकड़कर समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई भी की जा सकेगी।
सिग्नलिंग और केबल सिस्टम की प्रिवेंटिव मेंटेनेंस में मदद
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने इस आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन देखा और इसे रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नियमित निरीक्षण के माध्यम से संभावित तकनीकी खामियों की समय पर पहचान करना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीकी दोष सामने आने की स्थिति में तत्काल उसका निराकरण किया जाए और प्रिवेंटिव मेंटेनेंस को प्राथमिकता दी जाए। इससे सिग्नलिंग और केबल सिस्टम की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पॉइंट्स और क्रॉसिंग का किया औचक निरीक्षण
महाप्रबंधक ने उसलापुर स्टेशन के पॉइंट्स और क्रॉसिंग का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर रेलवे परिचालन की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों और प्रक्रियाओं का जायजा लिया।
संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग की कार्यक्षमता, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान स्थापित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
‘सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता’, सतर्कता बरतने के निर्देश
तरुण प्रकाश ने कहा कि रेलवे परिचालन में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से संभावित खराबियों की समय रहते पहचान और नियमित प्रिवेंटिव मेंटेनेंस से रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता, सजगता और जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।














