बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में किराना दुकान पर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। उधार में लिए गए सामान का भुगतान तत्काल करने की बात कहने पर दो युवकों ने किसान की बांस के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सिर पर किए गए वार से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान सिदेशी बघेल (42), पिता कार्तिक बघेल, निवासी ग्राम खुरदुर के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस के अनुसार घटना बुधवार शाम की है, जब सिदेशी गांव में टहलते हुए एक किराना दुकान के पास पहुंचा।
उधार के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्राम कुरदुर निवासी अंकुश रजक और ग्राम कलार तराई निवासी निखिल यादव ने दुकान से सामान खरीदा था। दोनों ने दुकानदार से कहा कि वे पैसे बाद में देंगे। इस दौरान वहां मौजूद सिदेशी बघेल ने आरोपियों से दुकानदार का भुगतान तुरंत करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने बांस के डंडे से सिदेशी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके सिर पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद मचा हड़कंप
हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर कोटा थाना पुलिस, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय तथा पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
रात में दोनों आरोपी दबोचे गए
प्रारंभिक पूछताछ और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंकुश रजक और निखिल यादव की तलाश शुरू की। देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हत्या का कारण किराना दुकान से खरीदे गए सामान के भुगतान को लेकर हुआ विवाद है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।













